पत्रकारिता में अनुवाद की आवश्यकता और महत्व - The need and importance of Translation in Journalism
पत्रकारिता में अनुवाद की आवश्यकता और महत्व - The need and importance of Translation in Journalism
भूमंडलीकरण जैसी आधुनिक अवधारणाओं के प्रभाव के चलते पत्रकारिता का क्षेत्र अधिकाधिक व्यापक होता गया है। यानी दुनिया छोटी होती गई है और उसे बेहतर जानने की ज़रूरत से बढ़ती गई है। अनुवाद अब इस प्रक्रिया अनिवार्य औज़ार है। दुनिया भर से प्राप्त हो रही अकूत सूचनाओं के संवर्द्धन, संग्रहण और सम्पादन के लिए भाषाओं के बीच पुल का होना अनुवाद में ही सम्भव है। अनुवाद पत्रकारिता का एक प्रमुख अंग बन गया है। अंग्रेज़ी को आज प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय सम्पर्क भाषा का दर्जा प्राप्त है और इंटरनेट सूचनाओं समाचारों के त्वरित अंतरण का प्रमुख माध्यम है, इसलिए ज़रूरी होता जा रहा है कि हिंदी समाचारपत्र के डेस्क पर भी कार्य करने वाला कर्मी न सिर्फ अंग्रेज़ी के सामान्य कार्यव्यवहार से परिचित हो बल्कि वह प्राप्त सामग्री का एक त्वरित एवं तथ्यपूर्ण अनुवाद भी कर पाए जिससे तत्सम्बन्धी समाचार दिया जा सके। पत्रकारिता के अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वाणिज्य तथा व्यापार, खेल, विज्ञान तथा तकनीक आदि कई पक्ष ऐसे हैं, जिनके समाचार निर्माण में इस तरह के अनुवाद की आवश्यकता होती है। अतः पत्रकारिता में एक उज्ज्वल भविष्य के लिए पत्रकार का अनुवाद में कुशल होना मौजूदा परिस्थितियों में अब अनिवार्य हो चला है।
आजकल प्रमुख हिन्दी अखबारों में इन्फार्मेशन टेक्नोलॉजी, नेट और विदेशों से जुड़ी मनोरंजक और ज्ञानवर्धक सामग्री देखने को मिलती है। अनुवाद में दक्ष पत्रकार के लिए इस काम में बहुत सुविधा होती है कि वो अंग्रेजी में उपलब्ध इस तरह की सामग्री को तत्काल अनुवाद कर सकता है। इस तरह वह अखबार में अपना महत्व और उपयोगिता बढ़ा सकता है। अनुवाद में दक्षता से वह अंग्रेजी पत्रिकाओं, इंटरनेट पर उपलब्ध सामग्री, पुस्तकों के जरिए अपना ज्ञान और समझ भी विकसित कर सकता है।
इस प्रकार हम कह सकते हैं कि पत्रकारिता के लिए अनुवाद का महत्व लगातार बढ़ता जा रहा है। समाचार एजेंसियों द्वारा हिन्दी में पर्याप्त समाचार उपलब्ध कराने के बाद भी अच्छे अनुवादों के जरिए कोई भी अखबार अपना स्तर और छवि दूसरों से बेहतर बना सकता है।
वार्तालाप में शामिल हों