जनसंपर्क : अर्थ एवं परिभाषा - Public Relations : Meaning and Definition
जनसंपर्क : अर्थ एवं परिभाषा - Public Relations : Meaning and Definition
जनसंपर्क का अर्थ है जनता से संपर्क जनता से यह संपर्क क्यों किया जाता है, किस उद्देश्य के लिये किया जाता है ? इससे क्या लाभ-हानि होती हैं। यह सब जनसंपर्क के अंतर्गत आता है। जनसंपर्क का अर्थ इतना सरल होते हुए भी इसे परिभाषित करना इतना आसान नहीं है क्योंकि जनसंपर्क अपने आप में एक व्यापक शब्द है। इस कारण इसे किसी निश्चित एवं सर्वमान्य परिभाषा की सीमा में बांधा नहीं जा सकता है। अनेक विचारकों और लेखकों ने जनसम्पर्क को अपने-अपने दृष्टिकोण से देखने का प्रयास किया है।
रैक्स हारलो (Rex harlow) के अनुसार, " जनसंपर्क एक विज्ञान है जिसके द्वारा
कोई संगठन यथार्थ रूप में अपने सामाजिक उत्तरदायित्व को पूरा करने तथा कार्य में सफलता के लिए आवश्यक लोक-स्वीकृति और अनुमोदन प्राप्त करने का प्रयत्न करता है।
जे०एल० मेकेनी (J.L. Macany) की यह मान्यता है कि, “प्रशासन में जन सम्पर्क, अधिकारी वर्ग तथा नागरिकों के मध्य पाये जाने वाले प्रधान एवं गौण सम्बन्धों द्वारा स्थापित प्रभावों एवं दृष्टिकोणों की पारस्परिक क्रियाओं का मिश्रण है।
यह मानते हैं कि " जनसंपर्क प्रशासन के उस कार्य का एक भाग है जिसके अन्तर्गत वह इस बात का पता लगाता है कि उसके संगठन तथा कार्यक्रम के बारे में लोग क्या सोचते हैं?"
जॉन डी. मिलेट (John D. Millett) के अनुसार, " जनसंपर्क इस बात की जानकारी प्राप्त करता है कि लोग क्या आशा करते हैं तथा इस बात का स्पष्टीकरण देता है कि प्रशासन उन मांगों को कैसे पूरा कर रहा है ?"
मिलेट (Millett) ने जनसंपर्क के निम्नलिखित चार प्रमुख तत्वों का उल्लेख किया
1. जनसंपर्क में जनता की इच्छाओं एवं आवश्यकताओं के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की जाती है।
2. जनसंपर्क द्वारा जनता को यह सलाह दी जाती है कि उसकी इच्छाएं क्या होनी चाहिए।
3. जनसंपर्क जनता तथा सरकार के कर्मचारियों के बीच सन्तोषजनक सम्बन्ध स्थापित करता है।
4. विभिन्न सरकारी अभिकरण क्या कार्य कर रहे हैं इस सम्बन्ध में जनता को सूचित करने का काम भी जनसंपर्क द्वारा किया जाता है।
एच.एल. चाइल्ड्स (H.L. Childs) ने जनसंपर्क को परिभाषित करते हुए कहा है कि “विभिन्न जन-समूहों के मत को प्रभावित करने के लिए एक संगठन जो भी कार्य करता है वह सब जन सम्पर्क है।
कोई उद्योग, यूनियन, कार्पोरेट हाउस, व्यवसाय, सरकार या अन्य संस्था जब अपने ग्राहकों, कर्मचारियों हिस्सेदारों या जनसाधारण के साथ स्वस्थ या उत्पादक सम्बन्ध स्थापित करने या उन्हें स्थायी बनाने के लिए प्रयत्न करती है, जिनसे वह अपने आप को समाज के अनुकूल बना सके, अथवा अपना उद्देश्य समाज पर व्यक्त कर सके, इसके इन प्रयत्नों को जन-सम्पर्क कहते हैं।
इस प्रकार हम कह सकते हैं कि जनसंपर्क किसी निश्चित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जनता और सरकार के मध्य जीवित संबंधों की स्थापना करता है ताकि एक दूसरे की भावनाओं को समझा जा सके उपर्युक्त परिभाषाओं के आधार पर जनसंपर्क के सम्बन्ध में निम्नलिखित बातें स्पष्ट होती हैं:
(1) जनसंपर्क लोक कल्याणकारी राज्य की प्रमुख अनिवार्यता है।
(2) जनसंपर्क जनता की भावनाओं और समस्याओं को समझने का एक साधन है।
( 3 ) जनसंपर्क सरकारी नीतियों और कार्यक्रमों का जनता पर पड़ने वाले प्रभावों, लाभों अथवा हानियों को जानने वाला एक माध्यम है।
( 4 ) जनसंपर्क के द्वारा यह जानने का प्रयास किया जाता है कि जनता किसी सरकारी अथवा गैर सरकारी संगठन से क्या क्या अपेक्षाएं रखती है?
(5) जनसंपर्क के द्वारा यह बताने का प्रयास किया जाता है कि कोई संगठन जनसाधारण के लिए क्या क्या कार्य कर रहा है और वह उनके लिए कितना महत्वपूर्ण है?
(6) जनसंपर्क एक ऐसा माध्यम है जिसमें कई सरकारी एवं गैर सरकारी संगठन तथा जनता एक दूसरे की भावनाओं के अनुकूल व्यवहार करने के लिए एक-दूसरे को राजी करने का प्रयास करते हैं।
वार्तालाप में शामिल हों