शोध में तथ्यों का विश्लेषण - Data analysis in research
शोध में तथ्यों का विश्लेषण - Data analysis in research
प्राकृतिक विज्ञानों के समान ही सामाजिक विज्ञान में भी यह आवश्यक है कि तथ्यों अथवा सूचनाओं का संकलन किया जाए और और उन्हें व्यवस्थित तथा विश्लेषित किया जाए, जिससे उनके बारे में संज्ञान लिया जा सके। तथ्यों का विश्लेषण स्पष्ट और व्यवस्थित तरीके से हो जाने से उन्हें समझना और य ज्ञान को प्राप्त कर पाना सरल हो जाता है। विश्लेषण का कार्य विचारपूर्ण आधारशिला को स्थापित करना है जिसके आधार पर इकट्ठा किए गए आंकड़ों को उनके उचित स्वरूप और संबंध के रूप में व्यवस्थित किया जा सके। शोधकर्ता को जब तथ्य प्राप्त होते हैं तब वे बिखरे हुए और अर्थहीन स्वरूप में होते हैं। शोधकर्ता द्वारा उन तथ्यों का सारणीकरण और वर्गीकरण किया जाता है। सारणीबद्ध तथ्यों को तार्किक और सांख्यिकीय दोनों प्रकार से विविध प्रविधियों और तकनीकों की सहायता से विश्लेषित किया जाता है। इस प्रकार विश्लेषण के आधार पर परिणाम को प्राप्त किया जाता है तथा उस परिणाम को अन्य अध्ययनों के परिणामों के संदर्भ में रखकर देखा जाता है। इस सम्पूर्ण क्रिया के सापेक्ष गुणों और सीमाओं को स्पष्ट करते हुए शोधकर्ता किसी निष्कर्ष पर पहुँच पाता है।
• प्वयेनकेयर के अनुसार, "जिस प्रकार एक मकान पत्थरों से बनता है, उसी प्रकार विज्ञान का निर्माण तथ्यों से होता है। परंतु केवल तथ्यों का एक संकलन उसी तरह विज्ञान नहीं है जैसे पत्थरों का एक ढेर मकान नहीं है। "
• पी.वी. यंग के अनुसार, "एक सामाजिक अध्ययनकर्ता यह मानकर चलता है कि संकलित तथ्यों के पीछे स्वयं तथ्यों और आंकड़ों से बढ़कर भी कोई ऐसी वस्तु है जो अधिक महत्वपूर्ण तथा स्थिति पर फोकस करने वाली है। वह यह मानकर चलता है कि यदि सुव्यवस्थित और सुविचारित तथ्यों को संकलित आंकड़ों के संदर्भ में देखा जाए तो उनके महत्वपूर्ण सामान्य अर्थ को समझकर उनके आधार पर वैध सामान्यीकरण प्राप्त किया जा सकता है। अतः यह कहा जा सकता हैं कि तथ्यों का विश्लेषण इसी प्रकार के वैध अथवा वैज्ञानिक सामान्यीकरण को प्राप्त करने की एक कार्य-विधि है।"
उपर्युक्त वर्णित परिभाषाओं से यह स्पष्ट हो रहा है कि विश्लेषण की सम्पूर्ण प्रक्रिया का शोध के क्षेत्र में कितना महत्वपूर्ण योगदान है। तथ्यों से किसी निष्कर्ष की प्राप्ति के लिए उनका विश्लेषण करना अत्यंत आवश्यक होता है।
वार्तालाप में शामिल हों