बुनियादी अवधारणा - basic concept

बुनियादी अवधारणा - basic concept


सामान्यतः किसी भी विचारधारा अथवा सिद्धांत की अपनी शुरुआती अंतर्दृष्टि एवं अवधारणा होती है। तो जाहिर सी बात है कि रेडिकल स्त्रीवाद की भी अपनी कुछ बुनियादी अवधारणा होगी। रेडिकल स्त्रीवादी विचारकों का यह मानना है कि लिंग आधारित जेंडर मान्यताएँ हमारे जीवन के लगभग हर पहलू को प्रभावित करती हैं। और वे इतनी व्यावहारिक एवं सर्वव्यापी होती हैं कि आम तौर पर हमारा ध्यान उन पर नहीं जाता। फायरस्टोन की पुस्तक द डायलेक्टिक्स ऑफ सेक्स के हवाले से कहें तो सेक्स वर्ग की श्रेणी इतनी गहराई तक पहुँची है कि वह लगभग अदृश्य सी जान पड़ती है। वास्तव में यह वाक्य रेडिकल स्त्रीवाद की व्यापक अंतर्दृष्टि को रेखांकित करता है। स्त्रीवाद की इस वैचारिक धारा का उद्देश्य लिंगों के आधार पर व्याप्त विभेदों को उजागर करना है जो न सिर्फ क़ानून, रोज़गार, जैसे क्षेत्रों तक ही सीमित है, बल्कि हमारे व्यक्तिगत संबंधों में भी गहराई से जुड़ी है। सभी स्त्रीवादी विचारक/ चिंतक इस बात पर एकमत हैं कि स्त्री पुरुष संबंधों एवं दायित्वों का जेंडर आधारित विभाजन प्रकृति द्वारा नहीं, बल्कि पितृसत्तात्मक समाज द्वारा किया गया है

तथा उसे अभी तक जारी रखा गया है। दुनिया भर की तमाम संस्कृतियाँ भले ही अलग-अलग मूल्यों का प्रतिपादन करती हों, लेकिन आम तौर पर पुरुषों को सकारात्मक, दिन, बलिष्ठ आक्रामक, ज़िम्मेदार आदि रूपों में देखती हैं, वहीं स्त्रियों को रात, कमज़ोर, निष्क्रिय आदि रूपों में परिभाषित करती हैं। इन मूल्यों की स्वीकारोक्ति पुरुषवादी समाज में आसानी से की जाती रही है।


रेडिकल स्त्रीवादियों की आरंभिक मान्यता यह भी है कि मानव इतिहास में सबसे पहले स्त्रियों का शोषण प्रारंभ हुआ। जो कि यौनिकता और लिंग आधारित पूर्वाग्रहों से पोषित रहा। इसके साथ ही स्त्री पर पुरुष वर्चस्व की निरंतरता के लिए शारीरिक, मानसिक एवं यौन वासना के स्तर पर कई भ्रांतियों का प्रसार भी किया जाता रहा है। रेडिकल स्त्रीवाद ऐसी उन तमाम भ्रांतियों एवं मान्यताओं को चुनौती देता है, जो पितृसत्तात्मक मूल्यों को मज़बूती प्रदान करने का काम करते हैं। वे नहीं चाहती कि पुरुषों द्वारा निर्धारित आचार संहिताओं का अनुसरण हमारी और आने वाली पीढ़ी की स्त्रियों को करना पड़े। रेडिकल स्त्रीवादी विचारक स्त्रियों के पारंपरिक संस्कृति पर आधारित नए मूल्यों का सृजन करना चाहते हैं।