वस्तुनिष्ठता का अर्थ - Meaning of Objectivity
वस्तुनिष्ठता का अर्थ - Meaning of Objectivity
वस्तुओं के अध्ययन के विषय को महत्वपूर्ण मानकर तथा अपने पूर्वाग्रहों से मुक्त होकर किया गया अध्ययन वस्तुनिष्ठ अध्ययन कहलाता है। पक्षपातों एवं लगावों के बिना किया गया निरीक्षण और तथ्यों का वैज्ञानिक संकलन एवं विश्लेषण ही वस्तुनिष्ठता है। वस्तुनिष्ठ अध्ययन में संबंधित वस्तु जैसी वास्तव में होती है, वैसा ही उसका वर्णन किया जाता है। उसके गुण दोषों को बढ़ाकर या घटाकर नहीं मापा जाता वस्तुनिष्ट अध्ययन करते समय अध्ययनकर्ता को केवल अपनी इंद्रियों और मस्तिष्क को कार्य में लाना चाहिए, हृदय और भावनाओं को अध्ययन क्रिया से अलग रखना चाहिए। भले ही अध्ययनकर्ता का हृदय एवं भावनाएं उस के परिणामों को नापसंद करें, और भले ही प्रत्येक परिणाम उसकी अपनी धारणाओं के विरुद्ध हो तो भी उन परिणामों को स्वीकार कर लेना होगा जो परिणाम वैज्ञानिक पद्धति से प्राप्त हुए हों।
वस्तुनिष्ठ अध्ययन में विश्वास और आस्था की अपेक्षा तर्क एवं बुद्धि का महत्व प्रधान होता है। कल्पनाओं की अपेक्षा तथ्यों को प्राथमिकता दी जाती है।
श्री कार ने वस्तुनिष्ठता की परिभाषा इस प्रकार की है. "सत्य की वस्तुनिष्ठता का अर्थ है कि घटनामय संसार में किसी व्यक्ति के विश्वासों, आशाओं अथवा भय से स्वतंत्र एक वास्तविकता है जिसका सब कुछ हम अंतर्दृष्टि और कल्पना से नहीं बल्कि वास्तविक अवलोकन के द्वारा प्राप्त करते हैं।" श्री कार की इस परिभाषा से यह पूर्णतया स्पष्ट हो जाता है कि वस्तुनिष्ठ अध्ययन में घटनाओं के वास्तविक रूप का ही अध्ययन किया जाता है, और व्यक्तिगत विश्वासों, आशाओं और भय आदि को अध्ययन की प्रक्रिया से अलग रखा जाता है। वास्तव में यदि अध्ययनकर्ता अपने अध्ययन में अपने विश्वासों, आग्रहों, धारणाओं और संस्कारों का समावेश करता है तो उसके अध्ययन के निष्कर्ष वास्तविक और यथार्थ नहीं होते।
इस स्थिति में प्राप्त निष्कर्ष उसके निजी दृष्टिकोण के अनुकूल होते हैं, उनका वैज्ञानिक रूप से सार्वजनिक महत्त्व नहीं होता।
श्री ग्रीन ने भी वस्तुनिष्ठता की सुंदर परिभाषा की है। उनके अनुसार, "वस्तुनिष्ठता निष्पक्षता से प्रमाण का परीक्षण करने की इच्छा एवं योग्यता है।" ग्रीन की इस परिभाषा से स्पष्ट होता है कि वस्तुनिष्ठता में इच्छा एवं योग्यता का समावेश होता है। यहां इच्छा से आशय है संबंधित घटना के यथार्थ एवं तर्कसम्मत अध्ययन की शिक्षा और योग्यता का अर्थ है, अध्ययन में अपने आपको विश्वासों भावनाओं, संस्कारों और पक्षपातों से मुक्त रखने की योग्यता। से
वार्तालाप में शामिल हों