पितृसत्ता का अर्थ - meaning of patriarchy
पितृसत्ता का अर्थ - meaning of patriarchy
पितृसत्ता अंग्रेज़ी के पैट्रियाक (Patriarchy) का हिंदी समानार्थी है। अंग्रेज़ी में यह शब्द यूनानी शब्दों पैटर (Pater) और आर्के (Arche) को जोड़कर बनाया गया। पैटर का अर्थ पिता तथा आर्के का अर्थ शासन होता है। इस तरह पैट्रियार्कों का शाब्दिक अर्थ है पिता का शासन। पीटर लेसलेट ने अपनी किताब द वर्ल्ड वी हैव लॉस्ट (1965) में औद्योगीकरण से पहले के इंग्लैंड के समाज की परिवार-व्यवस्था का वैशिष्ट्य उसका पितृसत्तात्मक होना बताया है। यहाँ परिवार के साथ व्यवस्था का प्रयोग यह स्पष्ट करने के लिए किया जा रहा है कि आम तौर पर परिवार के सदस्य के रूप में केवल पति-पत्नी का एक जोड़ा और बच्चे ही नहीं गिने जाते थे, बल्कि दादा-दादी, चाचा-चाची भतीजा-भतीजी नौकर-चाकर आदि सभी उसके दायरे में आते थे। परिवार न केवल उत्पादन की इकाई, बल्कि सामाजिक इकाई भी था। पिता अथवा सबसे बुजुर्ग पुरुष का संपत्ति और बाकी सारे सदस्यों, चाहे वे स्त्री हो या पुरुष, पर निरंकुश अधिकार रहता था। यह अधिकार उत्तराधिकार के निश्चित नियमों के तहत एक पुरुष से दूसरे पुरुष को पीढ़ी-दर-पीढ़ी हस्तांतरित होता था। परिवार के बाहर राजा प्रजा के लिए पिता समान था। भारत में इस तरह की परिवार-व्यवस्था (संयुक्त-परिवार ) आज़ादी प्राप्त होने के बहुत बाद तक बनी रही और यहाँ भी राजा को प्रजा पालक (पिता) माने जाने की रीति रही है।
वार्तालाप में शामिल हों