प्रयोगात्मक अनुसंधान अभिकल्प के चरण - Stages of Experimental Research Design
प्रयोगात्मक अनुसंधान अभिकल्प के चरण - Stages of Experimental Research Design
अनुसंधानकर्ता द्वारा प्रयोगात्मक अनुसंधान अभिकल्प के तहत निम्न वैज्ञानिक चरणों को अपनाया जाता है-
I. उपकल्पना का निरूपण
प्रयोगात्मक अनुसंधान अभिकल्प में सर्वप्रथम उपकल्पना का निरूपण किया जाता है तथा सम्पूर्ण परीक्षणात्मक अनुसंधान इसी उपकल्पना के परीक्षण पर ही आधारित रहता है। उपकल्पना के निर्माण हेतु अनुसंधाकर्ता को संबंधित साहित्यों का अध्ययन करना आवश्यक रहता है तथा साहित्यों से प्राप्त ज्ञान और जानकारी के आधार पर ही अनुसंधाकर्ता द्वारा एक प्राक्कथन निर्मित किया जाता है, जिसकी जांच परीक्षणात्मक अनुसंधान में की जाती है।
II- चरों की पहचान और संकल्पनीकरण
उपकल्पना के निर्माण के बाद चरों की पहचान की जाती है तथा साथ ही उनके संकल्पनीकरण पर भी ध्यान आकृष्ट किया जाता है। चरों को संकल्पनीकृत कर उनके क्षेत्र को सीमित व निश्चित किया जाता है, ताकि अनुसंधान के उद्देश्यों के अनुरूप कोई भटकाव की समस्या न आ सके।
III- अध्ययन क्षेत्र का चयन
इसके पश्चात अध्ययन क्षेत्र और सम्पूर्ण जनसंख्या की पहचान कर ली जाती है। इसमें यह ध्यान दिया जाना चाहिए कि अध्ययन के उद्देश्यों के अनुसार ही जनसंख्या का चयन किया जाय, अन्यथा इसका दुष्परिणाम अनुसंधान के परीक्षण और निष्कर्ष पर परिलक्षित होगा।
IV इकाइयों का चुनाव
इसके बाद निर्धारित की गई उपयुक्त निदर्शन तकनीक का प्रयोग कर इकाइयों को तथ्य संकलन
हेतु चुन लिया जाता है।
V तथ्य संकलन
प्रयोगात्मक अनुसंधान अभिकल्प के अगले चरण में तथ्यों के संकलन हेतु मानक प्रविधियों व तकनीकों का सहारा लिया जाता है। प्रयोगात्मक अनुसंधान अभिकल्प में तथ्यों के संकलन हेतु अनुसंधानकर्ता को सावधानी के साथ-साथ आलोचनात्मक दृष्टिकोण रखने की जरूरत रहती है।
VI- तथ्यों का विश्लेषण
इसके पश्चात तथ्यों के विश्लेषण हेतु उचित सांख्यिकीय प्रविधि की पहचान कर ली जाती है तथा इसकी सहायता से तथ्यों को विश्लेषित किया जाता है। इसके अलावा इस प्रविधि की सहायता से संकल्पनीकृत किए गए चरों के मध्य के संबंध का पता लगाया जाता है और निरूपित की गई उपकल्पना के परीक्षण हेतु भी यह प्रविधि आवश्यक भूमिका का निर्वहन करती है।
VII- निष्कर्ष
सम्पूर्ण विश्लेषण व परीक्षण के पश्चात निष्कर्ष प्रस्तुत किया जाता है जो सम्पूर्ण परीक्षणात्मक अनुसंधान का प्रतिनिधित्व करता है।
वार्तालाप में शामिल हों