सम-विच्छेद विश्लेषण की मान्यतायें - Assumptions of Break-even Analysis
सम-विच्छेद विश्लेषण की मान्यतायें - Assumptions of Break-even Analysis
सम-विच्छेद विश्लेषण की क्रियाशीलता बहुत सी मान्यताओं पर आधारित है।
ये मान्यतायें निम्नलिखित है-
(1) लागत- विचरणता का सिद्धान्त (Principle of Cost Variability) सही है। इस सिद्धान्त के अनुसार एक निश्चित उत्पादन स्तर पर कुछ व्ययों की कुल राशि स्थिर रहती है और कुछ व्यय उत्पादन इकाई के अनुसार बदलते रहते हैं ।
(2) सभी लागतें (उत्पादन, विक्रय और प्रशासन) स्थिर व परिवर्तनशील दो भागों में विभाजित की जा सकती हैं। पर
(3) लागतों का व्यवहार रेखीय (Linear) होता है अर्थात् लागत समकों को रेखाचित्र प्रदर्शित करने पर एक सीधी रेखा बनेगी।
(4) प्रत्येक उत्पादन स्तर पर स्थिर व्ययों की कुल राशि एक समान रहती है और परिवर्तनशील लागतें उत्पादन मात्रा के अनुपात में परिवर्तित होती हैं।
(5) प्रत्येक विक्रय स्तर पर वस्तु का विक्रय मूल्य एक समान रहता है अर्थात् वस्तु की पूर्ति के घटने-बढ़ने पर बाजार में विक्रय मूल्य में कोई परिवर्तन नहीं होता है।
(6) सामग्री, मजदूरी, किराया, विज्ञापन आदि आदान (Input) कारकों के मूल्य में कोई परिवर्तन नहीं होता है।
(7) तकनीकी पद्धतियों तथा मनुष्यों और मशीनों की कुशलता में कोई परिवर्तन नहीं होता है ।
(8) संस्था में लागत नियन्त्रण न तो और पुष्ट किया जाता है और न उसमें कोई शिथिलता ही आती है।
(9) उत्पादन और विक्रय समसामयिक (Synchronized) होते हैं अर्थात् जो भी उत्पादन होता है वह साथ-साथ बिकता रहता है और अन्तिम स्कन्ध में कोई महत्वपूर्ण परिवर्तन नहीं होते हैं।
(10) संस्था में या तो केवल एक ही वस्तु का उत्पादन व विक्रय होता है, या एक से अधिक वस्तुओं के उत्पादन होने पर उनका विक्रय मिश्रण एक समान रहता है अर्थात् सभी वस्तुओं का विक्रय एक पूर्व निर्धारित अनुपात में किया जाता है।
(11) आगम और लागतो की तुलना किसी समान क्रियाशीलता के आधार पर (जैसे उत्पादन का विक्रय मूल्य या उत्पादित इकाइयों के आधार पर) की जाती है।
(12) उत्पादन या विक्रय मात्रा को ही लागत प्रभावित करने वाला समबद्ध कारक माना जाता है।
सम- विच्छेद विश्लेषण के आधार पर निकाले गये निष्कर्षो का निर्वचन उपर्युक्त मान्यताओं को ध्यान में रखते हुये ही करना चाहिये। इनमें से किसी एक में भी परिवर्तन होने पर सम-विच्छेद बिन्दु में परिवर्तन हो सकता है।
वार्तालाप में शामिल हों