परामर्श- संकल्पना अर्थ एवं परिभाषा - Counseling- Concept Meaning and Definition

परामर्श- संकल्पना अर्थ एवं परिभाषा - Counseling- Concept Meaning and Definition


परामर्श एक बहुआयामी प्रक्रिया है जिसमें अनेक उपागमों एवं प्रविधियों को प्रयुक्त करके व्यक्ति के व्यक्तित्व का विकास, समस्याओं का समाधान, व्यवहारगत या समायोजनात्मक समस्याओं के परिहार एवं उपचार द्वारा व्यक्ति के जीवन को सहज, उद्देश्यपूर्ण एवं संतोषप्रद बनाने का प्रयत्न किया जाता है। वेबस्टर शब्दकोष के अनुसार "परामर्श का आशय पूछताछ, पारस्परिक तर्क-वितर्क अथवा विचारों का पारस्परिक विनिमय है।" कार्ल रोजर्स ने परामर्श को आत्म बोध की प्रक्रिया में सहायक बताया है। इसी प्रकार रॉबिन्सन (1950) के अनुसार- "परामर्श के अंतर्गत वे समस्त परिस्थितियाँ सम्मिलित कर ली जाती हैं जिनके आधार पर परामर्शप्राथी या सेवार्थी को अपने वातावरण में समायोजन हेतु सहायता प्राप्त होती है । परामर्श का सम्बन्ध दो व्यक्तियों से होता है- परामर्शदाता एवं सेवार्थी या परामर्शप्राथी ।

परामर्श के आशय के सन्दर्भ में एक विशिष्ट पक्ष यह भी है कि परामर्श की प्रक्रिया के द्वारा सेवार्थी या परामर्शप्राथी पर किसी निर्णय को थोपा नहीं जाता है, वरन उसकी सहायता इस प्रकार की जाती है कि वह स्वयं निर्णय लेने में सक्षम हो सके। रुथ स्ट्रेंग ने परामर्श की प्रक्रिया को एक संयुक्त प्रयास बताया है जिसका सारतत्व एक ऐसा सम्बन्ध है जिसमें व्यक्ति, जिसका परामर्श हो रहा है, स्वयं को पूर्णतः अभिव्यक्त करने के लिए स्वतंत्रता का अनुभव करता है, तथा अपने लक्ष्यों, उनकी सिद्धि के बारे में स्पष्टीकरण व उनकी सिद्धि हेतु अपने सामर्थ्यो और समस्याओं के प्रकट होने पर उनके समाधान की विधियों या साधन के बारे में आत्मविश्वास अर्जित करता है।" जॉर्ज मायर्स के मतानुसार परामर्श का कार्य तब संपन्न होता है जब यह सेवार्थी को अपने निर्णय स्वयं लेने के लिए बुद्धिमतापूर्ण विधियों का उपयोग करके सहायता प्रदान करता है।