शैक्षिक तकनीकी: प्रत्यय, क्षेत्र एवं महत्व - Educational Technology: Concept, Scope and Significance

शैक्षिक तकनीकी: प्रत्यय, क्षेत्र एवं महत्व - Educational Technology: Concept, Scope and Significance


शैक्षिक तकनीकी शैक्षिक प्रक्रिया के यंत्रीकरण तथा मनोवैज्ञानिक सिद्धांतों के आधार पर शैक्षिक समस्याओं का समाधान करता है इसका प्रयोग शिक्षण-अधिगम व्यवस्था, परीक्षा प्रणाली, विद्यालय प्रशासन, अनुसंधान तथा दूरस्थ एवं मुक्त शिक्षा आदि क्षेत्रों में किया जाता है। इस उप-अध्याय में आप शैक्षिक तकनीकी के प्रत्यय, क्षेत्र एवं महत्व का विश्लेषणात्मक अध्ययन करेंगे ।


शैक्षिक तकनीकीः प्रत्यय (Educational Technology: Concept)


शैक्षिक तकनीकी शिक्षा मनोविज्ञान, शिक्षा दर्शन, शिक्षा समाजशास्त्र तथा शिक्षा मापन एवं मूल्यांकन की • तरह ही शिक्षा के अनुशासन का एक विषय है। वैज्ञानिक आविष्कारों तथा तकनीकी के विकास ने मानव जीवन के प्रत्येक पहलू को प्रभावित किया है तथा शिक्षा का क्षेत्र भी इससे अछूता नहीं है।

शैक्षिक प्रक्रिया के मशीनीकरण ने शैक्षिक तकनीकी के अनुशासन को जन्म दिया है। शिक्षा में तकनीकी का उपयोग दो रूप में किया गया है- 1) व्यवस्थित कार्यक्रम के रूप में 2) सहायक सामग्री के रूप में। व्यवस्थित कार्यक्रम किसी शैक्षिक लक्ष्य की प्राप्ति के लिए एक संपूर्ण पैकेज है (जैसे-CA पैकेज) । किसी शैक्षिक कार्यक्रम या शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए प्रोजेक्टर, पावर प्वाइंट प्रस्तुतिकरण, सी. सी. टी. वी., शैक्षिक दूरदर्शन, स्मार्ट बोर्ड, भाषा प्रयोगशाला, वेब एप्लीकेशन आदि तकनीकी साधनों को सहायक या संचार सामग्री के रूप में उपयोग में लाया जाता है। 1960 ई० से पूर्व शैक्षिक तकनीकी का अनुशासन कक्षा-कक्ष अनुदेशन के लिए उपयोग में लाये जानेवाले शिक्षण-अधिगम सामग्री तक ही सीमित था। यह केवल 'शिक्षा में तकनीकी' की अवधारणा से जुड़ा था जिसमें भौतिकी विज्ञान तथा संचार तकनीकी के संसाधनों को शैक्षिक क्रियाकलापों के सुचारु एवं प्रभावी संचालन के लिए उपयोग में लाया जाता था । बी. एफ़. स्किनर एवं एस. एडवर्ड द्वारा अभिक्रमित अनुदेशन के विकास के उपरान्त ' शिक्षा की तकनीकी' अवधारणा का विकास हुआ, जिसमें अधिगम एवं अन्य मनोवैज्ञानिक सिद्धांतों का उपयोग शैक्षिक समस्याओं के समाधान हेतु किया जाने लगा। इन सिद्धांतों के आधार पर शिक्षण-अधिगम सामग्री, आकलन उपकरणों तथा शैक्षिक योजनाओं का निर्माण किया जाने लगा।


शिक्षा के वर्तमान परिप्रेक्ष्य में शैक्षिक तकनीकी की अवधारणा 'शिक्षा में तकनीकी' तथा 'शिक्षा का तकनीकी' दोनों ही अवधारणाओं का सम्यक संकलन है।