सांख्यिकी का अर्थ - Meaning of Statistics

सांख्यिकी का अर्थ - Meaning of Statistics


सांख्यिकी शब्द का प्रयोग प्राय: संख्याओं से संबंधित अध्ययन के लिए किया जाता है। सांख्यिकी को अंग्रेजी भाषा में Statistics कहते है। यह अंग्रेजी भाषा शब्द 'state' से विकसित हुआ है जिसका अर्थ राज्य' होता है। प्राचीन काल में राज्य की जनशक्ति, धनशक्ति, पशुशक्ति, सैनिकशक्ति, तथा भूमि व कृषि से संबंधित विभिन्न सूचनाओं का संकलन शासकों के द्वारा संकलित कराए गए इन आँकड़ो पर निर्भर करती थी। यही कारण था कि आँकड़ों के संकलन से संबंधित कार्य को राज्य तंत्र का विज्ञान (Science of Statecraft अथवा सम्राटों का विज्ञान (Science of Kings) कहा जाने लगा। इन्हीं शब्दों से कालातंर में स्टेटिस्टिक्स (Statistics) शब्द का उद्भव हुआ।

वर्तमान समय में इस शब्द का प्रयोग राज्य से संबंधित सूचनाओं के संकलन तक सीमित नहीं रह गया है, वरन जीव विज्ञान, कृषि विज्ञान, अर्थशास्त्र, शिक्षाशास्त्र, समाजशास्त्र, मनोविज्ञान, वाणिज्य, उद्योग आदि विभिन्न क्षेत्रों में सांख्यिकी का प्रयोग किया जाता है। आधुनिक युग में सांख्यिकी को ज्ञान की एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं उपयोगी शाखा के रूप में स्वीकार किया गया है।


अतः सांख्यिकी वह विज्ञान है जो किसी समस्या से संबंधित आंकड़ो को एकत्रित तथा विश्लेषण करके आवश्यक निष्कर्ष ज्ञात करने से संबंध रखता है। सांख्यिकी के द्वारा प्राप्त निष्कर्ष उस समस्या का समाधान करने की प्रक्रिया में वैज्ञानिक आधार का कार्य करते हैं। सांख्यिकी के अर्थ की स्पष्टता के लिए यहाँ इसकी कुछ परिभाषाएँ दी जा रही हैं। ये परिभाषाएँ सांख्यिकी के उस रूप को पारिभाषित करती हैं जिस रूप में सांख्यिकी का प्रयोग आधुनिक समय में किया जाता है।