परीक्षण के प्रकार - type of test

परीक्षण के प्रकार - type of test


1. गति परीक्षण तथा शक्ति परीक्षण (समय-सीमा के आधार पर)- गति परीक्षण एक ऐसा परीक्षण है जहाँ किसी भी परीक्षार्थी के पास सभी प्रश्नों को हल करने का समय नहीं होता। ऐसे परीक्षण की निश्चित समय-सीमा होती है। वहीं शक्ति परीक्षण ऐसा परीक्षण है जहाँ सभी परीक्षार्थी के पास प्रत्येक प्रश्न को हल करने का समय होता है। ऐसे परीक्षण की कोई समय-सीमा नहीं होती।


2. व्यक्तिगत परीक्षण तथा सामूहिक परीक्षण (परीक्षण के प्रशासन के तरीके के आधार पर)- समूह परीक्षण में परीक्षण का प्रशासन एक समय में कई परीक्षार्थियों के साथ किया जाता है। ऐसे परीक्षण का प्रशासन तथा फलांकन तुलनात्मक रूप से आसान होता है तथा इसे शोध परीक्षण के लिए वृहद् रूप से उपयोग में लाया जाता है। ऐसे परीक्षण का निर्माण विद्यार्थियों को विभिन्न समूहों में वर्गीकृत करने के लिए किया जाता है।

सामूहिक परीक्षण का उपयोग छोटे बच्चों, अर्द्ध-साक्षर तथा भावनात्मक रूप से अस्थिर व्यक्तियों के लिए इतना उपयोगी नहीं होता। इस स्थिति में व्यक्तिगत परीक्षण को उपयोग में लाया जाता है जिससे किसी व्यक्ति का सूक्ष्म एवं विस्तृत आकलन होता है। 


3. पेपर पेंसिल परीक्षण तथा निष्पादन परीक्षण (परीक्षण में पेपर एवं पेंसिल उपयोग के आधार पर)- पेपर पेंसिल परीक्षण एक ऐसा परीक्षण है जिसमें परीक्षार्थी प्रश्नों के जवाब शब्दों, वाक्यों, रचना, रेखांकन, गोला करना आदि रूप में लिखकर देते हैं। वहीं निष्पादन परीक्षण एक ऐसा परीक्षण है जहाँ प्रश्न या समस्या मूर्त रूप में प्रस्तुत किए जाते हैं तथा परीक्षार्थी ब्लाक (Block), चित्र या खिलौनों का हेर-फेर कर समस्या का समाधान प्रस्तुत करते हैं। 


4. मानकीकृत तथा शिक्षक द्वारा निर्मित परीक्षण (सांख्यिकी नियंत्रण के आधार पर)- शिक्षक द्वारा निर्मित परीक्षण का निर्माण विभिन्न विषयों में विद्यार्थी के अधिगम उपलब्धि के आकलन के लिए किया जाता है। इसकी रचना विशिष्ट उपयोग के लिए की जाती है तथा इसकी विश्वसनीयता एवं वैधता सांख्यिकी नियंत्रण द्वारा स्थापित नहीं की जाती। वहीं मानकीकृत परीक्षण की विश्वसनीयता एवं वैधता सांख्यकी नियंत्रण द्वारा सावधानीपूर्वक स्थापित की जाती है।