अर्थ एवं परिभाषा - Meaning and definition
अर्थ एवं परिभाषा - Meaning and definition
किसी कार्यविशेष को कुशलता के साथ करने हेतु कर्मचारियों के ज्ञान, कुशलता, अभिरुचि तथा क्षमताओं में वृद्धि की प्रक्रिया का नाम प्रशिक्षण है। प्रशिक्षण एवं स्टाफ़ - विकास यह सुनिश्चित करता है कि आपका कार्यबल वर्तमान तथा भविष्य दोनों की आवश्यकताओं के अनुसार अपनी कुशलताओं का विकास करता रहेगा।
प्रशिक्षण का उददेश्य कर्मचारियों को उनके वर्तमान तथा आगामी कार्यों से परिचित होने हेतु सक्षम बनाना है। इससे नये कर्मचारी न्यूनतम समय में अधिक उत्पादक तथा कार्यकुशल बनते हैं तथा पुराने कर्मचारियों के ज्ञान को अद्यतन करके नयी मशीनों तथा प्रौद्योगिकी के विषय में जानकारी प्राप्त होती है।
प्रौद्योगिकी में तीव्र गति से हो रहे बदलाव के कारण नये रोज़गार के अवसर उत्पन्न हो रहे हैं तथा इनके कारण औपचारिक तथा सुयोजित प्रशिक्षण की आवश्यकता बढ गयी है।
इन नये कार्यों हेतु विशिष्ट कुशलताओं की आवश्यकता होती है जिन्हें उपयुक्त तथा सर्वश्रेष्ठ रूप से परिचालित कार्यविधियों के द्वारा ही विकसित किया जा सकता है।
कर्मचारी के चयन, स्थापन एवं कार्य स्थल से उसका परिचय कराने के पश्चात उसे प्रशिक्षण सुविधाएं प्रदान किया जाना चाहिए। प्रशिक्षण का कार्य है किसी विशिष्ट कार्य को करने हेतु कर्मचारी के ज्ञान और कौशल में वृद्धि करना।
प्रशिक्षण एक अल्पकालिक शैक्षिक प्रक्रिया है तथा कर्मचारी को एक निश्चित उद्देश्य हेतु तकनीकी ज्ञान और कौशल सिखाने के लिए एक व्यवस्थित और संगठित प्रक्रिया का उपयोग करता है। डेल. एस. बीच के अनुसार, "प्रशिक्षण एक संगठित प्रक्रिया जिसके द्वारा किसी विशिष्ट उद्देश्य के लिए लोग ज्ञान और / या कौशल सीखते हैं।"
दूसरे शब्दों में प्रशिक्षण, कर्मचारी के ज्ञान, कौशल, व्यवहार, योग्यता, एवं अभिवृत्ति आदि को नौकरी और संगठन की आवश्यकताओं के अनुसार आकार देता है। प्रशिक्षण से तात्पर्य शिक्षण और सीखने की गतिविधियों से है, जिनका प्राथमिक उद्देश्य किसी पद एवं संगठनात्मक आवश्यकतानुसार उसके सदस्यों को उचित ज्ञान, कौशल, क्षमताओं अभिवृत्तियों एवं व्यवहारों के अर्जन में सहायता प्रदान करना है।
“प्रशिक्षण किसी विशेष नौकरी/ कार्य के लिए कर्मचारी के ज्ञान और कौशल बढ़ाने की कला है।” (फ्लिप्पो)
"प्रशिक्षण सीखने के लिए साधन प्रदान करने का एक प्रयोजनबद्ध कार्य है।" (प्लांटी)
प्रशिक्षण कौशल को बेहतर बनाने या ज्ञान के वर्तमान स्तर में वृद्धि करने का प्रयास करता है जिसे कि कर्मचारी अपने वर्तमान कार्य को करने के लिए अथवा भविष्य में अधिक दायित्वपूर्ण ढंग से किसी उच्च पद के लिए पूर्ण रूप से तैयार रहें तथा निरंतर परिवर्तनशील पर्यावरण के दबाव में भी बेहतर ढंग से कार्य करें।
प्रशिक्षण कर्मचारियों के व्यवहार एवं अभिवृत्ति को बदलने की एक व्यवस्थित प्रक्रिया है, तथा कर्मचारी विशेषताओं एवं संगठनात्मक अपेक्षाओं के बीच के अंतर को मिटाने की एक कड़ी है।
मानव संसाधन प्रशिक्षण एवं विकास कर्मचारियों के व्यक्तिगत एवं संगठनात्मक कौशल, ज्ञान एवं सामर्थ्य को विकसित करने हेतु सहायक ढाँचा है। मानव संसाधन विकास कर्मचारी प्रशिक्षण, कर्मचारी जीविका विकास, निष्पादन प्रबंधन एवं विकास, शिक्षण, अनुक्रमण योजना, मुख्य कर्मचारी पहचान, एवं संगठन विकास जैसे अवसरों को सम्मिलित करता है।
मानव संसाधन प्रशिक्षण एवं विकास के सभी पहलुओं का केन्द्र बिन्दु अत्यधिक बेहतर कार्यबल को विकसित करना है ताकि संगठन एवं व्यक्तिगत कर्मचारी अपने कार्य लक्ष्यों को सुयोजित एवं निष्पादित कर सकें।
वार्तालाप में शामिल हों