इकाई बैंकिग - unit banking

इकाई बैंकिग - unit banking


इकाई बैंकिंग प्रणाली के अंतर्गत एक बैंक का कार्य साधारणतया एक ही कार्यालय तक सीमित रहता है, यद्यपि एक सीमित क्षेत्र में ये बैंक अपनी कुछ शाखाएं भी स्थापित कर लेते है। केष्ट के शब्दों में इकाई बैंकिंग प्रणाली में प्रत्येक स्थानीय बैंकिंग संस्था एक पृथक पंजीकरण होता है और जिसकी स्वयं की अपनी पूँजी संचालक मंडल तथा स्कन्धधारी होता है। इस प्रकार की प्रणाली अमेरिका में बहुत प्रचलित है जहाँ हजारों छोटे-छोटे बैंक है जिनका केवल एक ही कार्यालय होता है। शाखा बैंकों की तुलना में इकाई बैंकों की पूँजी तथा व्यवसाय काफी सीमित होते हैं। इकाई बैंकिंग प्रणाली इस विचारधारा पर आधारित है कि एक बैंक का प्रारंभ स्थानीय व्यक्तियों द्वारा ही होना चाहिए।

इस प्रकार इस प्रणाली में बैंक के कार्य का स्थानीय आर्थिक व सामाजिक संगठन के साथ एकीकरण होता है। प्रत्येक स्थानीय बैंक एक अलग संस्था के रूप में अपने क्षेत्र में व्यापारियों, उद्योगपतियों तथा कृषकों से संबंधित होता है।


चूँकि एक बैंक की अपनी शाखाएँ एक सीमित क्षेत्र से बाहर नहीं होती है, इसलिए धन के स्थानान्तरण तथा अन्य कार्यों के लिए विभिन्न बैंकों के बीच आपसी समझौता किया जाता है, जिसके अंतर्गत एक बैंक अन्य बैंकों का प्रतिनिधित्व करता है। ये बैंक अपने नकद कोष अन्य बड़े बैंकों में जमा कर देते है तथा उनके द्वारा देश के एक भाग से दूसरे भाग को धन का प्रेषण करते हैं इन बैंकों को संचार बैंक कहा जाता है।