उद्यमी का अर्थ एवं परिभाषाएँ - Meaning and definitions of entrepreneur
उद्यमी का अर्थ एवं परिभाषाएँ - Meaning and definitions of entrepreneur
उद्यमी शब्द का अर्थ प्रत्येक व्यक्ति के अनुसार तथा परिस्थितियों के अनुसार अलग-अलग समझा जाता है। एक आदमी के लिए एक उद्यमी वह व्यक्ति होता है जो अपने व्यवसाय या संगठन या उद्योग को शुरू करने के लिए उत्पादन के सभी साधनों को इकट्ठा करता है तथा उत्पाद को वास्तविक रूप में लाकर बाजार में बेचकर लाभ कमाता है। विभिन्न विषयों के अनुसार भी इसका अर्थ अलग-अलग लिया जाता है।
(1) एक अर्थशास्त्री के अनुसार, उद्यमी वह व्यक्ति होता है जो उत्पादन के साधनों को इकट्ठा करके उनके मूल्यों में बढ़ोतरी करता है तथा परिवर्तन की शुरूआत करता है। "
(2) एक मनोवैज्ञानिक के अनुसार, “उद्यमी वह व्यक्ति होता है जो अनिश्चितताओं और अज्ञात अवसरों से भरे अंधेरे और अनिश्चित क्षेत्र में नई संभावनाओं की खोज के लिए प्रयास करता है।
उद्यमी शब्द की शुरूआत फ्रेंज शब्द से हुई है, जिसका अर्थ होता है 'शुरू करना'। इस शब्द को सबसे पहले फ्रैंच भाषा में ही प्रयोग किया गया तथा प्रारंभ में यह मुख्य रूप से सड़कों के निर्माण की तरह सिविल इंजीनियरिंग जैसे कार्यों के साथ जोड़ कर देखा व समझा जाता था। सन 1700 के शुरूआत में इसे सैन्य व्यय के साथ भी जोड़ कर समझा जाता था।
फ्रांस में रहने वाले एक आयरिश व्यक्ति रिचर्ड कैन्टालिन नामक व्यक्ति ने पहली बार उद्यमी शब्द का प्रयोग आर्थिक गतिविधियों के संदर्भ में किया था।
उसने उद्यमी को इस प्रकार परिभाषित किया, “एक उद्यमी एक ऐसा एजेंट होता है जो उत्पादन के विभिन्न साधनों को एक निश्चित कीमत पर खरीदता है जिससे कि वह उनका संयोजन एक उत्पाद के रूप में करके बाजार में एक अनिश्चित मूल्य पर बेच सकें।"
उसने उद्यमी की कल्पना एक गैर बीमित जोखिम' के वाहक के रूप में की। उसके अनुसार एक उद्यमी उत्पादन की गतिविधियों को जारी रखता है तथा वस्तुओं का विनिमय करके जोखिम भी उठाता है । जिस समय बाजार में उसके उत्पादों की मांग नहीं होती है या बाजार उदासीन होता है वह उस समय दिवालिया हो जाने जैसे जोखिम का भी सामना करता है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि उद्यमी इस बात से अनजान होता है
कि अंत में उसे उसके उत्पाद का क्या बाजार मूल्य प्राप्त होगा या नहीं।
आक्सफोर्ड इंगलिश डिक्शनरी में 1857 में वर्णित किया गया कि उद्यमी केवल वह विशेष व्यक्ति है जो एक सार्वजनिक संगीत संस्था में प्रबंधक या निर्देशक का कार्य करता है। वह मुख्यत: संगीत के कार्यक्रमों से ही संबंधित जाना जाता था । इसे 1933 में पुन: परिभाषित किया गया तथा इसे व्यवसाय के क्षेत्र से संबंधित कर दिया गया। नए रूप के अनुसार, “उद्यमी एक ऐसा व्यक्ति होता है जो एक परियोजना को स्थापित करता है तथा विशेष रूप से एक ठेकेदार की तरह पूंजी तथा श्रम के मध्यस्थ के रूप में कार्य करता है ।" इस प्रकार से एक उद्यम की स्थापना करने को 'उद्यमी' कहा जाता है तथा जो व्यक्ति ऐसा करता है उसे 'उद्यमी' कहा जाता है। एक ऐसा व्यक्ति जो उत्पादन करने के उद्देश्य से पूँजी तथा श्रम को संयोजित करता है, वह उद्यमी कहा जा सकता है।
परिभाषा
उद्यमी शब्द के अर्थ का फ्रेंच भाषा से लेकर आज तक का एक रोचक इतिहास हैं। उद्यमी शब्द की आमतौर पर स्वीकार्य बहुत सारी परिभाषाएं है लेकिन उन सभी में क्षेत्र और केंद्रीय बिंदु अलग-अलग लिए गए हैं। इसके अतिरिक्त उद्यमिता के क्षेत्र में शैक्षणिक विद्वानों की रूचि भी बढ़ती जा रही है। इससे भी इस शब्द की अवधारणा पर अधिक ध्यान बढ़ता जा रहा है। उद्यमी की कुछ महत्वपूर्ण परिभाषाएं निम्नलिखित है:
(1) जोसेफ ए. शुम्पीटर के अनुसार, “उद्यमी एक व्यक्ति है जो किसी अवसर की पूर्व कल्पना करता है तथा किसी नई वस्तु, नई उत्पादन विधि, नए कच्चे माल, नए बाजार तथा उत्पादन के साधनों के नए संयोजन को अपनाते हुए अवसर का लाभ उठाता है।”
(2) पीटर एफ. ड्रकर के अनुसार, “उद्यमी वह व्यक्ति है जो सदैव परिवर्तन की खोज करता है, उस पर प्रतिक्रिया करता है तथा एक अवसर के रूप में उसका लाभ उठाता है।”
(3) क्लोरेन्स डॉनहोफ के अनुसार, “ उद्यमी का संबंध प्राथमिक रूप से उत्पादन फार्मूलों में किए जाने वाले परिवर्तनों से होता है, जिस पर उसका पूर्ण नियंत्रण होता है।"
(4) जे.बी.एस. के अनुसार, “उद्यमी वह व्यक्ति है तो आर्थिक संसाधनों को उत्पादकता एवं लाभ के निम्न क्षेत्रों से उच्च क्षेत्रों की ओर हस्तांतरित करता है।"
(5) फ्रेंक नाइट के अनुसार “उद्यमी वह विशिष्ट समूह तथा व्यक्ति है जो जोखिम सहते हैं तथा अनिश्चितता का सामना करने की व्यवस्था करते है।"
(6) मार्क कैसन के अनुसार, “एक उद्यमी वह व्यक्ति है जो दुर्लभ संसाधनों के समन्वय के बारे में विवेकपूर्ण निर्णय लेने में विशेषज्ञता रखता है।"
(7) मैक्स वैबर के अनुसार, “उद्यमी एक विशेष सामाजिक परिस्थितियों के उत्पाद हैं, जिसमें वे तैयार होते हैं तथा वह सामाजिक स्थिति ही एक व्यक्ति को उद्यमी के रूप में परिवर्तन करती है।
(8) अल्फ्रेड मार्शल के अनुसार, “उद्यमी वह व्यक्ति है जो जोखिम उठाने का साहस करता है, किसी कार्य के लिए आवश्यक पूंजी तथा श्रम की व्यवस्था करता है, उसकी सामान्य योजना बनाता है तथा इसकी छोटी-छोटी बातों का निरीक्षण करता है।"
(9) अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन के अनुसार, "उद्यमी वह व्यक्ति है जो व्यावसायिक अवसरों को पहचानकर, उनका उचित मूल्यांकन कर, उससे लाभ उठाने के उद्देश्य से समुचित कार्य करता है।"
(10) राबर्ट ई. नैल्सन के अनुसार, “एक उद्यमी वह व्यक्ति है जो वातावरण को समझने में सक्षम है, वातावरण को सुधारने के लिए अवसरों को पहचानता है, संसाधनों को इकट्ठा करता है तथा अवसरों के अधिकतम उपयोग के लिए उन्हें कार्यान्वित करता है।"
(11) वालरस के अनुसार, “उद्यमी वह व्यक्ति है जो दूसरे व्यवसायियों से कच्चा माल, भूमिपतियों भूमि, श्रमिकों से अभिरूचियाँ, पूँजीपति से पूँजीगत माल खरीदता है तथा इनकी सेवाओं से निर्मित वस्तुओं को बेचता है।""
वार्तालाप में शामिल हों