पूर्वाधिकार शेयरों के प्रकार - Types of Preference Shares

पूर्वाधिकार शेयरों के प्रकार - Types of Preference Shares


कंपनी की अंतर्नियमावली या विवरण-पत्रिता में बताए गए निर्गमन की शर्तों के आधार पर विभिन्न प्रकार के पूर्वाधिकार शेयर हो सकते है। कंपनी द्वारा निर्गमित किये जाने वाले पूर्वाधिकार शेयरों के प्रकार निम्नलिखित हैं :


1) संचयी पूर्वाधिकार शेयर संयची पूर्वाधिकार शेयर वे शेयर हैं जिन पर यदि कंपनी किसी वर्ष लाभांश का भुगतान न कर सके तो इस बकाया लाभांश को प्राप्त करने का शेयरधारी का अधिकार संचित रहेगा। भविष्य में जब भी कंपनी लाभांश की घोषणा करेगी तो इक्विटी शेयर धारकों को लाभांश बॉटने से पहले कंपनी को ऐसे शेयरधारकों को विगत वर्षों के लाभांश की बकाया राशि एवं उस वर्ष के लाभांश का भुगतान करना होगा। कंपनी के समापन के समय ऐसे शेयरों पर लाभांश की बकाया राशि,

यदि कोई हो, देय नहीं है, जब तक या तो इस संबंध में अंतर्नियमावली में कोई स्पष्ट व्यवस्था न हो या ऐसे लाभांश घोषित न कर दिए गए हों।


2) असंचयी पूर्वाधिकार शेयर असंचयी पूर्वाधिकार शेयर वे शेयर हैं जिन्हें यदि किसी वर्ष लाभांश का भुगतान न किया जाए तो इस लाभांश की राशि को अगले वर्ष के लिए संचित नहीं किया जाता बल्कि ऐसे शेयरधारियों का उस वर्ष के संबंध में लाभांश प्राप्त करने का अधिकार समाप्त हो जाता है।


3) भागयुक्त पूर्वाधिकार शेयर भाग युक्त पूर्वाधिकार शेयरों पर एक निश्चित दर से लाभांश प्राप्त करने के अतिरिक्त शेयरधारी को,

इक्विटी शेयरों पर एक निर्धारित दर से लाभांश दिए जाने के पश्चात शेष लाभ में पूर्व-निश्चित अनुपात में हिस्सा बाँटने का अधिकार दिया जाता है। ऐसे शेयरधारकों को कंपनी के समापन की दशा में इक्विटी शेयर पूँजी को लौटाने के पश्चात् बची हुई संपत्ति में भी एक निश्चित अनुपात में हिस्सा बँटवाने का अधिकार दिया जा सकता है।


4) अभागयुक्त पूर्वाधिकार शेयर अभाग युक्त पूर्वाधिकार शेयरों पर केवल एक निश्चित दर से लाभांश दिया जाता है। ऐसे शेयर धारियों को अतिरिक्त लाभ में भाग पाने का अधिकार नहीं होता है चाहे कंपनी में कितने भी अधिक लाभ क्यों न हों। यदि कंपनी की अंतर्नियमावली या निर्गमन की शर्तों में कुछ स्पष्ट न दिया गया हो तो सभी पूर्वाधिकार शेयर अभाग युक्त पूर्वाधिकार शेयर समझे जाते हैं।


5) परिवर्तनीय पूर्वाधिकार शेयर परिवर्तनीय पूर्वाधिकार शेयर के धारक को एक निश्चित अवधि के बाद, अपने शेयर इक्विटी शेयर में परिवर्तन करने का अधिकार होता है। 


6) अपरिवर्तनीय पूर्वाधिकार शेयर अपरिवर्तनीय पूर्वाधिकार शेयर के धारक को अपने शेयर इक्विटी शेयर में परिवर्तन करने का अधिकार नहीं होता है। यदि कंपनी की अंतर्नियमावली या निर्गमन की शर्तों में कुछ न दिया गया हो तो सभी पूर्वाधिकार शेयर अपरिवर्तनीय ही समझे जाते हैं।


7) विमोचनशील पूर्वाधिकार शेयर कंपनी अधिनियम 2013 की धारा 55 के अंतर्गत शेयरों द्वारा सीमित कंपनियों को विमोचनशील पूर्वाधिकार शेयर जारी करने का अधिकार प्रदान किया गया है। ऐसे शेयर पर प्राप्त पूँजी को उनके धारकों को कंपनी के जीवन काल में ही लौटाया जा सकता है। इस प्रकार पूँजी के वापस लौटाने को पूँजी का विमोचन कहते है। सामान्यतः शेयर निर्गमन द्वारा प्राप्त पूँजी को केवल कंपनी के समापन पर ही लौटाई जा सकती है, क्योंकि यदि ऐसी पूँजी किसी भी समय कंपनी की इच्छानुसार लौटाई जा सकनी संभव हो तो लेनदारों की दृष्टि में कंपनी के पास कोई भी स्वामित्व - पूँजी न होने के समान स्थिति होगी।