यूरोप में औद्योगिक क्रांति का प्रसार - spread of industrial revolution in europe
यूरोप में औद्योगिक क्रांति का प्रसार - spread of industrial revolution in europe
ब्रिटेन में औद्योगिक क्रांति का प्रारंभ और विकास हुआ। पर यह क्रांति ब्रिटेन तक ही सीमित नहीं रहीं ब्रिटेन की औद्योगिक क्रांति की गूंज यूरोप के अन्य देशों में भी ध्वनित हुई। धीरे-धीरे अन्य यूरोपीय देश ब्रिटेन से विभिन्न मशीनों का आयात करने लगे। पहले पश्चिम यूरोप के देशों में औद्योगिक क्रांति का प्रारंभ हुआ तत्पश्चात पूर्वी यूरोप के देशों में औद्योगिक क्रांति प्रारंभ हुई।
फ्रांस
फ्रांस में औद्योगिक क्रांति 1815 ई. के बाद शान्तिकाल में प्रारंभ हुई। वस्त्र उद्योग में इंग्लैंड में बनी मशीनों का उपयोग बढ़ा। वस्त्र उद्योग में पावरलूम और कारखानों में भाप वाले इंजनों का उपयोग बढ़ा।
1830 ई. से 1848 ई. की अवधि में फ्रांस में अनेक मशीनों का निर्माण हुआ। कोयले और लोहे के उत्पादन में वृद्धि हुई अनेकानेक वस्तुओं के उत्पादन के लिये मशीनों का उपयोग प्रारंभ हुआ। फ्रांस में 1842 ई. में रेल निर्माण का कार्य प्रारंभ हुआ। 1850 ई. से 1870 ई. की अवधि में फ्रांस में खूब औद्योगिक प्रगति हुई।
जर्मनी
जर्मनी में विभिन्न छोटे-छोटे राज्यों के होने से राजनीतिक एकता नहीं थीं, इसलिये जर्मनी में औद्योगिक क्रांति विलंब से हुई। सर्वप्रथम औद्योगिक क्रांति का प्रारंभ प्रशा में हुआ।
वहाँ 1820 ई. में आधुनिक सड़कों का निर्माण हुआ और राईन नदी का उपयोग यातायात के लिये किया जाने लगा। 1840 ई. में रेलों का निर्माण प्रारंभ हुआ। यातायात के साधनों के विकास के कारण कोयला उत्पादन दस गुना बढ़ा। 1870 ई. में जर्मनी के एकीकरण के बाद वहाँ तीव्र गति से औद्योगिक विकास हुआ। कुछ ही वर्षों में जर्मनी यूरोप का प्रसिद्ध औद्योगिक देश ही नहीं बना, अपितु उद्योगों के क्षेत्र में वह ब्रिटेन का प्रबल प्रतिद्वंद्वी बन गया। यहाँ यह तथ्य उल्लेखनीय है कि जर्मनी में कच्चे लोहे के विपुल भंडार होने से वहाँ प्रारंभ में लौह- इस्पात उद्योग खूब विकसित हुआ।
इटली
1870 ई. में यहाँ एकीकरण के बाद औद्योगिक विकास हुआ।
19वीं सदी के अंत तक इटली में वस्त्र उद्योग, धातु उद्योग और रासायनिक उद्योग का विकास हुआ। इटली में जल विद्युत योजनाएँ विशाल पैमाने पर प्रारंभ की गयीं और उसमें सफलता मिली।
रूस
1861 ई. में कृषि दासों की मुक्ति के बाद रूस में औद्योगीकरण प्रारंभ हुआ। 1860 ई. में रूस में स्टेट बैंक की स्थापना की गयी और सरकारी नियंत्रण में अनेक कल-कारखाने स्थापित किये गये। रेलों का निर्माण और विकास हुआ। सूती वस्त्र उद्योग के कारखाने भी खुले। 1892 ई. से 1903 ई. के मध्य रूस में औद्योगिक विकास तेजी से हुआ।
बेल्जियम
बेल्जियम में स्वतंत्रता पूर्व ही 1830 ई. में औद्योगिक क्रांति प्रारंभ हो गयी थी। 1834 ई. में यहाँ रेल निर्माण और रेल यातायात प्रारंभ हो गया। 1844 ई. तक मुख्य रेलवे लाइनें पूर्ण हो गयीं। इससे यहाँ के औद्योगिक विकास में तीव्रता आयी । यहाँ लघु उद्योगों का बहुत विकास हुआ। लोहे के उत्पादन में बेल्जियम ने प्रसिद्धि पायी। 1870 ई. तक बेलजियम यूरोप का एक प्रमुख औद्योगिक देश हो गया।
वार्तालाप में शामिल हों