लोक गाथा की परिभाषा - Definition of Folklore

लोक गाथा की परिभाषा - Definition of Folklore


'गाथा' शब्द का प्रयोग प्राचीनकाल से होता आ रहा है। ऋग्वेद में इस शब्द का प्रयोग पद्य या गीत के अर्थ में अनेक मंत्रों में मिलता है। इसके साथ ही वैदिक साहित्य में 'गाथिन' शब्द का प्रयोग भी मिलता है, जो उस व्यक्ति के लिए होता है जो कोई प्राचीन आख्यान या कथा कहता हो। 'गाथा' शब्द में गेयता और कथात्मकता दोनों तत्त्व विद्यमान हैं, इसलिए ऐसे प्रबन्धात्मक गीत के लिए, जिसमें कथानक की प्रधानता के साथ ही गेयता भी उपलब्ध हो, लोक गाथा शब्द का प्रयोग करना उचित है। अधिकांश विद्वानों ने लोक गाथा को अंग्रेजी के शब्द 'बैलेड' के हिन्दी पर्याय के रूप में स्वीकार किया है। इसके स्वरूप और अर्थ को स्पष्ट करने के लिए कुछ परिभाषाएँ द्रष्टव्य हैं-


"बैलेड वह गीत है जो कोई कथा कहता हो अथवा दूसरी दृष्टि से विचार करने पर बैलेड वह कथा है, जो गीतों में कही गई हो।"


- प्रोफेसर कीट्रीज


"बैलेड वह कथात्मक गेय काव्य है, जो या तो लोक कण्ठ में होता है या लोक गाथा के सामान्य रूप- विधान को लेकर किसी विशेष कवि द्वारा रचा जाता है, जिसमें गीतात्मकता और कथात्मकता दोनों होती है, जिनका प्रचार जनसाधारण में एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी में मौखिक रूप से होता रहता है।"


-W.P. Kar


"बैलेड ऐसी पद्य शैली का नाम है, जिसका रचयिता अज्ञात हो, जिसमें साधारण आख्यान हो और जो सरल मौखिक परम्परा के लिए उपयुक्त तथा ललित कला की सूक्ष्मताओं से रहित हो।"


-अंग्रेजीकोष (Encyclopedia Britanica) -


"लोक गाथा वे प्रबन्धात्मक लोक गीत है जो आकार में किसी महाकाव्य को चुनौती दे सकते हैं और जिनमें प्रधान तत्त्व कथा है।"


- डॉ. कृष्णदेव उपाध्याय


"लोक गाथा का स्वरूप विशिष्ट है। लोक गाथा में द्रुतगति, शब्द-विन्यास की सादगी, विश्वजनीन मर्मस्पर्शी प्राकृतिक तथा आदिम मनोरागों की अभिव्यक्ति, वर्णनात्मक होते हुए भी प्रभावी चरित्र-चित्रण, साहित्यिक कृत्रिमताओं की न्यूनतम स्थिति अथवा सर्वथा अभाव इत्यादि तत्त्व अनिवार्य हैं। "


- श्री यदुनाथ सरकार


सारांशतः कहा जा सकता है कि लोक गाथा कथात्मक, छन्दोबद्ध, गेय और लोककण्ठ पर अवस्थित काव्य है जिसका रचयिता अज्ञात होता है। यह सम्पूर्ण समाज की सम्पत्ति होती है। यह एक ऐसी मनोरंजक, आह्लादक और प्रेरक लोक विधा है जो लोक मानस को लोक हितकारी चरित्रों को जानने का सौभाग्य प्रदान करती है ।