डॉ. रामविलास शर्मा का जीवन परिचय - Biography of Dr. Ram Vilas Sharma

डॉ० रामविलास शर्मा का जन्म 10 अक्टूबर सन् 1912 को जिला उन्नाव (उत्तर प्रदेश) के ऊंचगाँव सानी में हुआ था। छह-सात वर्ष की उम्र में वे गाँव छोड़कर झाँसी आ गए, जहाँ उनकी प्रारम्भिक शिक्षा हुई। झाँसी से ही सन् 1928 में उन्होंने हाई स्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण की। सन् 1932 में लखनऊ विश्वविद्यालय से उन्होंने बी. ए. और 1934 में यहीं से अंग्रेजी साहित्य में एम.ए. की डिग्री प्राप्त की। रामविलास जी सन् 1940 में लखनऊ विश्वविद्यालय से अंग्रेजी विषय में पी-एच.डी. की उपाधि प्राप्त करने वाले पहले शोधार्थी बने । लखनऊ विश्वविद्यालय में उन्हें अंग्रेज़ी प्राध्यापक पद पर नियुक्ति मिली।

सन् 1943 में डॉ. शर्मा बलवंत राजपूत कॉलेज आगरा के अंग्रेजी विभाग के अध्यक्ष पद पर नियुक्त हुए और आगरा आ गए। लम्बे समय तक इसी कॉलेज में अध्यापन कार्य करने के बाद सन् 1971 में कन्हैयालाल माणिकलाल मुंशी विद्यापीठ आगरा के निदेशक बने और सन् 1974 में यहीं से अवकाश ग्रहण किया। डॉ. शर्मा 1949 से 1953 तक भारतीय प्रगतिशील लेखक संघ के महामंत्री भी रहे। 1981 में वे आगरा से दिल्ली आ गए। दिल्ली में ही 30 मई सन् 2000 को उनका देहान्त हो गया।