क्रिया पदबंध के घटक : मुख्य क्रिया तथा सहायक क्रिया - Components of Verb Phrase: Main Verb and Auxiliary Verb

प्रत्येक 'क्रिया पदबंध में दो अंश होते हैं- 'मुख्य क्रिया' तथा 'सहायक क्रिया' ।


(1) मुख्य क्रिया-


क्रिया पदबंध का वह अंश है जो क्रिया के मुख्य अर्थ को बताता है जैसे- 'जाता है', 'जाएगा', 'जा चुका है', 'जा रहा है' आदि सभी क्रिया पदबंधों में 'जा' (जाना) अंश 'मुख्य क्रिया' का अंश है जो 'जाने' का अर्थ बता रहा है तथा 'जाना' क्रिया के सभी रूपों में समान रूप से आ रहा है। इसी अंश को 'धातु' कहा गया है। किसी एक क्रिया के विभिन्न रूपों में 'समान' रूप से आने वाला अंश 'धातु' है। 'सोना', 'पढ़ना', 'लिखना', 'देना', 'धोना' आदि क्रियाओं में 'मुख्य क्रिया' या 'धातु' का अंश है- 'सो', 'पढ़', 'लिख', 'दे', 'धो' तथा इसी अंश में सहायक क्रिया के प्रत्यय जुड़ते हैं और क्रिया पदबंध की रचना होती है।

;

(2) सहायक क्रिया


क्रिया पदबंध में से मुख्य क्रिया को या धातु को अलग करने के बाद जो भी अंश शेष बचता है वह 'सहायक क्रिया' का अंश होता है। ऊपर के क्रिया पदबंधों में से 'जा' अंश को अलग करने के बाद बचे 'ता है', 'एगा', 'चुका हैं' तथा 'रहा है' अंश सहायक क्रिया के अंश हैं। ध्यान रखिए, 'सहायक क्रिया' कोई अलग से क्रिया का भेद नहीं है। वस्तुतः यह तो 'काल' (Tens), 'पक्ष' (Aspect), 'वृत्ति' (Mood), 'वाच्य' (Voice) आदि प्रत्ययों का समुच्चय है। इनके विषय में आप अगली इकाई में अध्ययन करेंगे।