पद, पदबंध, अन्विति और पदक्रम - rank, rank, rank and rank
शब्द, पद और पदबंध
शब्द तथा पद-
'शब्द' के बारे में आप जानते हैं कि 'शब्द' की सत्ता वाक्य से बाहर होती है अतः 'शब्द' भाषा की स्वतन्त्र इकाई है। 'शब्द' जब वाक्य में आ जाता है तब उसे शब्द नहीं कहते 'पद' कहते हैं। वाक्य में प्रयुक्त शब्द को 'पद' इसलिए कहते हैं क्योंकि वाक्य में आकर यह वाक्य के नियमों में बंध जाता है तथा कोई न कोई 'प्रकार्य' करने लगता है। उदाहरण के लिए 'दीपक' और 'अनिल' दोनों 'व्यक्तिवाचक संज्ञा' शब्द हैं पर वाक्य में वे क्या प्रकार्य करते हैं इसके आधार पर उनका 'पद' तय होता है, जैसे-
(i) दीपक ने अनिल को पैसे दिए।
(ii)
अनिल ने दीपक को पैसे दिए।
वाक्य (i) में दीपक 'कर्त्ता' का कार्य कर रहा है तथा अनिल 'अप्रत्यक्ष कर्म' का जब कि वाक्य (ii) में स्थिति बदल गई है। यहाँ, अनिल 'कर्त्ता' का कार्य कर रहा है और दीपक 'अप्रत्यक्ष कर्म' का। अतः वाक्य में 'पद' का निर्धारण उसके 'प्रकार्य' के आधार पर किया जाता है।
पदबंध-
'पदबंध' शब्द दो शब्दों 'पद' तथा 'बन्ध' से मिलकर बना है। 'पद' के बारे में आपको ऊपर बताया - जा चुका है। 'बन्ध' शब्द का अर्थ है 'बंधा हुआ' या बन्धनयुक्त' । वास्तव में 'पदबंध' के अन्तर्गत एक से अधिक पद एक साथ बँधकर या बन्धनयुक्त होकर आते हैं और वहीं प्रकार्य करते हैं जो प्रकार्य किसी एक पद द्वारा किया जा रहा था। इस बात को समझने के लिए निम्नलिखित वाक्यों पर ध्यान दीजिए-
(1) बच्चा आम खा रहा है।
(ii) छोटा बच्चा आम खा रहा है।
(iii) आपका छोटा बच्चा आम खा रहा है।
वाक्य (i) में 'बच्चा' संज्ञा पद है और 'कर्ता' का प्रकार्य कर रहा है। इसके स्थान पर हम 'छोटा बच्चा' या 'आपका छोटा बच्चा' भी रख सकते हैं क्योंकि एक से अधिक पदों का यह समूह भी वाक्य में वही 'प्रकार्य' कर रहा है जो अकेला 'बच्चा' पद कर रहा था' (देखिए वाक्य (ii) तथा वाक्य (iii))। ध्यान रखिए किसी एक इकाई के स्थान पर किसी दूसरे का 'रिप्लेसमेंट' (replacement) तभी हो सकता है जब दोनों समान प्रकार्य कर रहे हों।
इसी तरह से ऊपर के वाक्यों में हम 'आम' 'संज्ञा पद के स्थान पर एक से अधिक पदों वाली रचना जैसे 'पके आम' या 'मीठे-मीठे पके आम' को भी रख सकते हैं, जैसे-
(iv) बच्चा पके आम खा रहा है।
(v) बच्चा मीठे-मीठे पके आम खा रहा है।
इसका अर्थ यही हुआ कि 'पके आम' तथा 'मीठे-मीठे पके आम' भी वही प्रकार्य कर रहे हैं जो प्रकार्य वाक्य (i) में 'आम' द्वारा किया जा रहा था।
इस तरह, कोई भी 'शब्द' वाक्य में आकर इसलिए 'पद' कहलाता है क्योंकि वह कोई न कोई प्रकार्य करता है। यदि वही प्रकार्य जब 'एक से अधिक पदों के समूह या बंध द्वारा किया जाता है तो ऐसे 'बंध को 'पदबंध' कहते हैं।
वार्तालाप में शामिल हों